सहारनपुर। जनता कर्फ्यू के दौरान सभी धार्मिक स्थलों के कपाट बंद रहे। लोगों ने घरों में रहकर ही पूजा, अर्चना, नमाज, अरदास और प्रार्थना कर ईश्वर से कोरोना वायरस से निजात दिलाने की कामना की।
रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और गिरजाघरों के कपाट बंद रहे। जैन बाग स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में सुबह सात बजे पहले ही पूजा अर्चना कर ली गई। इसके बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इसी तरह अन्य जैन मंदिरों में भी पूजा-अर्चना हुई। शहर के प्रमुख श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री हरि मंदिर, तहसील शिव मंदिर, श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर, श्री बालाजी धाम और श्री साईं धाम में मंदिर में मंदिर के अधिष्ठाताओं ने सुबह और शाम के समय आरती की, लेकिन मंदिरों के कपाट बंद रहे। अधिष्ठाता मंदिरों के अंदर ही मौजूद रहे। इसी तरह मस्जिदों में पांचों समय की अजान हुई। शहर की प्रमुख जामा मस्जिद पर सन्नाटा रहा। इसी तरह गुरुद्वारा रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सहित अनेक गुरुद्वारों में ग्रंथियों ने ही सुबह शाम अरदास कराई। इसके अलावा गिरजाघरों में पादरियों ने प्रार्थना की। इस दौरान ईश्वर से कोरोना वायरस से निजात दिलाने की प्रार्थना की गई। सभी धर्म गुरुओं ने लोगों से जनता कर्फ्यू को सफल बनाने की अपील की।
बंद रहा गुरू सिंह गुरूद्वारा- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर के घंटाघर पर बंद रहा हनुमान मन्दिर- फोटो : SAHARANPUR