सहारनपुर। नगर निगम की निगरानी समितियों ने मात्र दो दिन में 200 से अधिक लोग कोरोना लक्षण वाले खोज निकाले हैं। साथ ही 145 मरीजों को मेडिकल किट भी दी गई है। सहायक नगरायुक्त ने रविवार को भी वार्डों में जाकर निगरानी समितियों को मेडिकल किट उपलब्ध कराई और मरीजों के बारे में जानकारी ली।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर रविवार को किट वितरण के नोडल अधिकारी व सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने वार्ड 15 में निगरानी समिति के अध्यक्ष अभिषेक उर्फ टिंकू अरोड़ा, वार्ड17 गढ़ी मलूक में निगरानी समिति अध्यक्ष पिंकी गुप्ता, वार्ड 35 की निगरानी समिति अध्यक्ष विशाखा सिंघल, वार्ड42 नुमाइश कैंप में निगरानी समिति अध्यक्ष विजय कालड़ा व वार्ड 52नवाबगंज निगरानी समिति अध्यक्ष के प्रतिनिधि रिजवान से मुलाकात कर उन्हें मेडिकल किट उपलब्ध कराई तथा उनके वार्डों में कोरोना की रोकथाम संबंधी हालात की जानकारी ली।
सहायक नगरायुक्त ने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान पाए जाने वाले कोरोना के लक्षणयुक्त संदिग्ध मरीजों को भी रविवार को मेडिकल किट दी गई है। उन्होंने बताया कि निगरानी समितियों के अध्यक्ष/पार्षदों द्वारा आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को थर्मल स्कैनर उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक वार्ड में 25-30 घरों पर पहुंचकर आशा व आंगनबाड़ी थर्मल स्क्रीनिंग कर रही हैं। साथ ही संदिग्ध पाए जा रहे मरीजों को दवा किट भी उपलब्ध करा रही हैं। बताया कि निगरानी समितियों द्वारा किट वितरण का ब्यौरा रजिस्टरमें दर्ज किया जा रहा है और प्रशासन को भी उपलब्ध कराया जा रहा है।