सहारनपुर। अमृतसर-सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों से जहरखुरानी का मामला सामने आया है। यात्रियों को बिस्किट में क्रीम मिलाकर नशीला पदार्थ खिलाया। सामान चोरी किया। बेहोशी की हालत में दो यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जीआरपी ने एक जहरखुरान को गिरफ्तार किया, जबकि तीन भागने में सफल रहे।
दो मार्च की रात पीलीभीत के रहने वाले विपिन अपने दो साथी अरुण निवासी मानपुर टेहरी और प्रमोद निवासी महाराजगंज ढंढारी रेलवे स्टेशन से ट्रेन नंबर 15532 अमृतसर-सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन में बैठे। इसी ट्रेन में जालंधर से चार जहरखुरान भी सवार हुए थे। इनमें से एक व्यक्ति सीट पर बैठने के लिए कहने लगा। कुछ देर बाद ही यात्रियों को क्रीम लगा बिस्किट दिया। अरुण व प्रमोद ने बिस्किट खा लिया, जबकि उनके दो अन्य साथियों ने मना कर दिया। कुछ समय बाद ही अरुण व प्रमोद बेहोश हो गए। जब यह घटना हुई, तब ट्रेन चंडीगढ़-अंबाला के बीच में थी।
यात्री विपिन ने पहले रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दी। तब तक ट्रेन अंबाला से सहारनपुर के लिए रवाना हो गई थी। पता लगते ही जीआरपी थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने टीम को अलर्ट किया। सहारनपुर पहुंचते ही बेहोशी की हालत में अरुण और प्रमोद को जिला अस्पताल भेजा गया। इसी ट्रेन से जहरखुरान रामकुमार वर्मा निवासी अडार पाकर थाना देहात कोतवाली जिला बलरामपुर को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया। उसके तीन अन्य साथी भाग निकले। इसके पास से चोरी का मोबाइल, एक पर्स और आधार कार्ड बरामद हुआ।
-
क्रीम बिस्किट में मिलाते थे नशीला पदार्थ
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रेनों में यात्रा के दौरान क्रीम वाले बिस्किट में नशीला पदार्थ लगाकर यात्रियों को खिलाता था। बेहोश होने पर उनका सामान चोरी कर लेता था। यह गिरोह मुख्य रूप से लुधियाना और अंबाला के बीच ट्रेनों में वारदात को अंजाम देता था।