लाल पुल पर लगे जाम में फंसे वाहन
- फोटो : SAHARANPUR
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। दिल्ली देहरादून हाईवे पर शिवालिक की पहाड़ियों के बीच स्थित लाल पुल पर रविवार की शाम जाम लग गया। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मात्र 20 मिनट में तय होने वाला सफर एक से डेढ़ घंटे में पूरा हुआ।
रविवार को साप्ताहिक अवकाश के दिन देहरादून जाने और आने वालो की संख्या में बड़ा इजाफा हो जाता है। ऐसे में वन वे लाल पुल पर वाहनों के आमने सामने आने से जाम की समस्या पैदा हो जाती है। रविवार की शाम छह बजे भी इस पुल पर जाम लग गया। इसके बाद दोनो तरफ तीन से चार किमी तक वाहन फंस गए। यहां तैनात पुलिसकर्मी द्वारा आमने सामने आए वाहनों को हटवा कर वन वे साइड चालु कराई लेकिन पीछे से लगातार आ रहे वाहनों के रेले के चलते वाहन रेंग रेंग कर ही निकल पा रहे थे। खास बात यह है कि इस क्षेत्र में किसी भी मोबाइल कंपनी का नेटवर्क काम नहीं करता है। ऐसी परिस्थितयों में यात्रियों को ज्यादा परेशानी होती है। विलंब होने की दशा में वे अपने प्रियजनों से संपर्क भी नहीं कर पाते हैं। देर शाम तक वाहन जाम में फंसे थे और रेंग रेंग कर ही निकल पा रहे थे।