सहारनपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के मद्देनजर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के लिए पार्सल परिवहन पर अस्थायी रोक लगा दी है। 15 अगस्त की रात 12 बजे तक ट्रेन से दिल्ली पार्सल नहीं भेज सकेंगे। इसका असर दिल्ली सामान भेजने वाले यात्रियों और कारोबारियों पर पड़ेगा।
सहारनपुर से दिल्ली के लिए वंदे भारत, शताब्दी, इंटरसिटी समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनें जाती हैं। स्वतंत्रता दिवस के चलते रेलवे ने 12, 13, 14 और 15 अगस्त को नई दिल्ली, दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन आदि रेलवे स्टेशनों के लिए पार्सल सेवा पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इस अवधि में सामान्य पार्सल के साथ रेलवे के जरिये भेजे जाने वाले अन्य सामान की बुकिंग भी नहीं की जाएगी।
रेलवे के निर्देश के बाद सहारनपुर जंक्शन के पार्सल विभाग ने भी प्रतिबंध लागू कर दिया है। रेलवे ने पार्सल परिवहन के अलग-अलग माध्यमों को अस्थायी प्रतिबंध के दायरे में रखा है। चार दिन स्टेशनों पर पार्सल की आवाजाही प्रतिबंधित रहने का असर दूसरे स्टेशनों से दिल्ली भेजे जाने वाले सामान पर भी पड़ेगा। उधर, अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि दिल्ली के लिए पार्सल परिवहन पर अस्थायी रोक लग गई है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे ने बढ़ाई सतर्कता
स्वतंत्रता दिवस के दौरान दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है। इस दौरान रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के साथ सुरक्षा एजेंसियों के सामने अतिरिक्त चुनौती रहती है। ऐसे में ट्रेनों और रेलवे परिसर में संदिग्ध सामान या गतिविधियों की आशंका के चलते आरपीएफ और जीआरपी ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।