बेहट क्षेत्र में खारा जल विद्युत परियोजना सड़क मार्ग पर खड़ा तेंदुआ
- फोटो : SAHARANPUR
रहणा के पास तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में दहशत
बेहट। मिर्जापुर क्षेत्र में शिवालिक जंगल से सटे रहणा गांव के पास खारा जल विद्युत परियोजना रोड पर बृहस्पतिवार की रात तेंदुआ देखाई दिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल हो गया है। वन विभाग के अफसरों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की नसीहत दी है।
बादशाहीबाग से खारा जल विद्युत परियोजना तक शिवालिक जंगल के पास से सड़क मार्ग बनाया गया है। खारा परियोजना से यह सड़क मार्ग हथनीकुंड बैराज से होते हुए हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कुल्हाल तक जाता है। बृहस्पतिवार की रात खारा परियोजना की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ के जवानों ने गश्त के दौरान तेंदुए को सड़क किनारे खड़े देखा। इन जवानों ने अपने वाहन की लाइट तेंदुए की तरफ कर मोबाइल फोन से उसकी वीडियो क्लिप भी बनाई। शुक्रवार की सुबह गांव की आबादी के नजदीक तेंदुए के दिखाई देने की सूचना पर रहणा गांव में दहशत का माहौल बन गया। वन विभाग ने भी इस सड़क मार्ग पर पड़ने वाले गांवों में ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा है।
शिवालिक वन प्रभाग की बादशाही बाग वन रेंज क्षेत्राधिकारी आरपी ध्यानी ने बताया कि पानी की तलाश में तेंदूआ जंगल से बाहर निकल आया होगा। फिर भी चौकसी बरती जा रही है। विभागीय कर्मचारियों की टीम को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।