पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। यहां तक कि प्रधान पद के दावेदारों का आपराधिक रिकाॅर्ड भी खंगाला जा रहा है।
पंचायत चुनाव के दौरान सहारनपुर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन प्रधानों, पूर्व प्रधानों और संभावित दावेदारों की जानकारी जुटाने में लगा है। उनके आपराधिक रिकाॅर्ड के साथ ग्राम पंचायत स्तर पर उनके सियासी वजूद का आंकलन किया जा रहा है। इसके लिए एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने थाना प्रभारियों को खुफिया टीम की मदद से ऐसे लोगों का डाटा तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें : पत्नी पर था शक, पहले रची खौफनाक साजिश, फिर सास-ससुर को दी ऐसी मौत, कांप उठे लोग, तस्वीरें
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को यह फीडबैक जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। थाना पुलिस टीमों से कहा गया है कि चुनावी माहौल में ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान या संभावित दावेदार के पक्ष की ओर से आने वाली शिकायतों को अब गंभीरता से लिया जाए। इस फीडबैक के आधार पर ही ग्राम पंचायतों के संवेदनशीलता स्तर का पता चल सकेगा।
मिलावटी शराब बांटने पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसएसपी डॉ. चनप्पा ने निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायत स्तर पर आपसी विवादों, आपराधिक गतिविधियों पर ध्यान रखने के साथ ही मिलावटी या जहरीली शराब बांटने जैसी घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जाए।
एसएसपी के मुताबिक यदि कोई प्रधान, पूर्व प्रधान या दावेदार शराब बांटने के मामले में संलिप्त मिलेगा तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आबकारी विभाग के साथ ही तहसील स्तर पर पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लोगों को जागरूक भी कर रही हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/