सहारनपुर। कोविड मरीजों का उपचार करनेे वाले प्राइवेट अस्पतालों में भी ऑक्सीजन की किल्लत बनी हुई है। साथ ही जिन अस्पतालों में सामान्य बीमारियों के मरीज हैं और उन्हें ऑक्सीजन की जरूरत होती है, उन्हें भी नहीं मिल पा रही है।
दिल्ली रोड स्थित मेगा केयर हॉस्पिटल में कोविड संक्रमितों का उपचार चल रहा है। यहां पर भर्ती मरीजों के लिए ऑक्सीजन की कमी पड़ गई। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से आरएसएस के विभाग प्रचारक प्रवीर और अन्य पदाधिकारियों से संपर्क किया। विभाग प्रचारक प्रवीर और लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अनुपम गुप्ता ने बताया कि सोमवार सुबह अस्पताल प्रबंधन की तरफ से ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए मदद मांगी गई, जिसके बाद वह ऑक्सीजन भिजवा दी गई।
उधर, शहर के अहमदबाग में स्थित एकेजे हेल्थकेयर एंड डायग्नोस्टिक के संचालक डाक्टर सौम्य जैन ने डीएम और मंडलायुक्त को पत्र भेजकर ऑक्सीजन के संकट का समाधान कराने की मांग की। डाक्टर सौम्य जैन ने पत्र में लिखा कि उनके यहां वायरल और अन्य बीमारियों के मरीज भर्ती हैं। जिस गैस वितरक से उनके यहां ऑक्सीजन आती है, उसने ऑक्सीजन देने से इनकार कर दिया है, जबकि उनके यहां भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन की सख्त जरूरत है।