फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चीनी मिलों पर किसानों का 513 करोड़ से अधिक का बकाया

Sat, 03 Feb 2018 01:26 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
किसानों की आय को दोगुना करने की कोशिश में जुटी प्रदेश सरकार गन्ना किसानों को समय से गन्ना मूल्य भुगतान करवा पाने में विफल साबित हो रही है। मंडल के किसानों का 17 शुगर मिलों पर 513.33 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है।
विज्ञापन


सबसे मजेदार बात यह है कि प्रदेश में गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा के गृह जिले शामली की शुगर मिलों पर मंडल में सबसे अधिक बकाया है। शामली की तीनों शुगर मिलों पर 246.33 करोड़ रुपये किसानों के बकाया हैं।

किसानों की आय दोगुना करने का प्रयास में जुटी प्रदेश सरकार शुगर मिलों के सामने बेबस नजर आ रही है। चीनी मिलें समय से गन्ना मूल्य भुगतान करने में कोताही बरत रही हैं। इसके चलते बकाया गन्ना मूल्य लगातार बढ़ता जा रहा है।
विज्ञापन


समय से भुगतान नहीं होने से किसान आर्थिक संकट में हैं। गन्ना खरीद कानून के तहत शुगर मिलों को गन्ना सप्लाई होने के 14 दिनों के अंदर गन्ना मूल्य भुगतान करना होता है। इस समयावधि में भुगतान नहीं होने पर बकाया गन्ना मूल्य पर 15 प्रतिशत की दर से ब्याज भी दिए जाने का प्रावधान है। 

इसके अलावा समय से भुगतान करने वाली शुगर मिलों को बाहरी क्रय केंद्रों से आने वाले गन्ने का किराया कटौती का भी हक नहीं है। मंडल की शुगर मिलों पर 513.33 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य के बकाया हैं।

खास बात यह है कि प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा के गृह जनपद की चीनी मिलों पर मंडल में सबसे अधिक गन्ना मूल्य बकाया है। मंडल में 17 शुगर मिलें संचालित हो रही हैं। इनमें से सहारनपुर में 6, मुजफ्फरनगर में 8 और शामली जिले में 3 चीनी मिलें हैं।

परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त डॉ. दिनेश्वर मिश्रा ने बताया कि बकाएदार शुगर मिलों को जल्द भुगतान करने के नोटिस दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि चीनी के रेट कम होने और शीरे का उठान नहीं होने से भी शुगर मिलों को समय से गन्ना मूल्य भुगतान करने में परेशानी हो रही है। लेकिन मिल प्रबंधकों को जल्द ही पूरा गन्ना मूल्य भुगतान करने के लिए निर्देशित किया गया है।

बकाया लाखों में
सहारनपुर          14916
मुजफ्फरनगर       11783
शामली             24633
(गन्ना विभाग के एक फरवरी के आंकड़ों के अनुसार)

जिले की शुगर मिलों ने की 52 लाख क्विंटल अधिक गन्ना पेराई : डीसीओ
सहारनपुर। जनपद की शुगर मिलों ने इस बार गत सीजन के अपेक्षा अब तक 52 लाख क्विंटल अधिक गन्ने की पेराई की है। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार दो फरवरी तक 239 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हो चुकी है, जो गत सीजन की तुलना में 52 लाख क्विंटल अधिक है।

शुक्रवार को डीसीओ ने बताया कि इस सत्र में अब तक गन्ना मूल्य भुगतान 480 करोड़ का हो चुका है जो गत पेराई सत्र के सापेक्ष 143 करोड़ अधिक है। जनपद की चीनी मिल गांगनौली, सरसावा और नानौता गन्ना भुगतान में पीछे चल रही हैं, जिन्हें लगातार निर्देश और नोटिस दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले की मिलों के औसत चीनी परता में भी गत वर्ष की अपेक्षा 0.73 प्रतिशत सुधार हुआ है । डीसीओ ने बताया कि वर्तमान पेराई सत्र में गन्ना पेराई 450 लाख कुंतल होने की उम्मीद है। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें