ननकाना साहिब पर हुए हमले को लेकर सिख समाज में आक्रोश
सहारनपुर। पाकिस्तान के लाहौर स्थित गुरुद्वारा ननकाना साहिब पर हुए हमले को लेकर सिख समाज में आक्रोश है। श्री गुरु सिंह सभा के पदाधिकारियों ने बैठक के बाद प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
गुरुद्वारा रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के कार्यालय में श्री गुरु सिंह सभा की बैठक का आयोजन किया गया। प्रधान जसबीर सिंह बग्गा और वरिष्ठ उप प्रधान हरिंद्र सिंह चड्ढा ने कहा कि पाकिस्तान के लाहौर में वहां की भीड़ द्वारा गुरुद्वारा ननकाना साहिब पर हमला और श्रद्धालुओं पर हुए पथराव को लेकर समाज के लोगों में आक्रोश है। इस घटना की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। श्री गुरुनानक देव पूरे संसार की भलाई के लिए ननकाना साहिब में अवतरित हुए थे। उसी स्थान पर किए हमले की समाज निंदा करता है। पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले में कार्रवाई कराने और सिख समाज एवं गुरुद्वारों की सुरक्षा की मांग की।
इस दौरान गुरु तेग बहादुर स्कूल के मैनेजर गुरविंद्र कालड़ा, कोषाध्यक्ष एमपी सिंह चावला, प्रभजोत सिंह, सतविंदर माकन, राजपाल सिंह, दलजीत कोचर, कमलजीत चुग, हरजीत सिंह, साहब सिंह, परमजीत चड्ढा, जगमोहन सिंह, प्रीतम सिंह, परविंदर कोहली, हरप्रीत सिंह मौजूद रहे।