सहारनपुर। फर्जी रॉयल्टी पर खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। डीआईजी के निर्देश पर एक मामले में जांच के उपरांत ट्रक मालिक को गिरफ्तार किया गया, जिस पर आरोप है कि फर्जी रॉयल्टी से हरियाणा की तरफ से खनिज सामग्री लादकर लाई जा रही थी। इस मामले में खास बात यह सामने आई है कि पूर्व में जब आरोपी के ट्रक को पुलिस ने पकड़ा था तो सिर्फ चालक के खिलाफ ही कार्रवाई करके इतिश्री कर ली थी, जबकि ट्रक में लादकर लाई गई खनिज सामग्री की रॉयल्टी फर्जी थी। डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने इस मामले की जांच मुजफ्फरनगर स्थानांतरित की। इसके बाद गंभीरता से जांच शुरू हुई तो आरोपी ट्रक मालिक को भी नामजद किया गया। पांच महीने पूर्व के इस मामले में शनिवार को चिलकाना थाना पुलिस ने आरोपी ट्रक मालिक राजवीर को गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं आरोपी ट्रक चालक को पूर्व में क्लीन चिट देने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी जांच शुरू हो जाएगी। यह भी पता चला है कि उक्त आरोपी राजवीर का एक ट्रक कुतुब शेर थाना पुलिस ने भी कुछ समय पूर्व अवैध खनिज के मामले में पकड़ा था, लेकिन उस मामले में भी सिर्फ ड्राइवर के खिलाफ ही कार्रवाई की गई थी, जबकि आरोपी ट्रक मालिक को क्लीन चिट दे दी थी। डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने बताया की अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन में यदि पुलिसकर्मी किसी भी स्तर पर विवेचना में लापरवाही करते हैं तो लापरवाही करने वाले विवेचक के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि फर्जी रॉयल्टी पर खनिज परिवहन और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई होगी।
चिलकाना थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार
चिलकाना। थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि सरसावा क्षेत्र के गांव असदपुर निवासी राजवीर पुत्र जनेश्वर करीब पांच माह पहले हरियाणा से अवैध रूप से खनन ला रहा था। पुलिस ने उस समय अवैध खनन के मामले में राजबीर के ट्रक को सीज कर दिया था तथा खनन अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया था। जांच में पाया गया था कि राजबीर फर्जी रॉयल्टी पर हरियाणा की तरफ से खनन लेकर आ रहा था। पुलिस ने राजबीर को सरसावा रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।