- सर्किट हाउस मार्ग पर खुला पड़ा नाले का ढक्कन, गिर रहे राहगीर
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सर्किट हाउस रोड के सफेद पट्टी से सटे नाले का ढक्कन खुला पड़ा है, जो हादसों को दावत दे रहा है। कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसी प्रकार महानगर में सीवर के ढक्कन भी बेतरतीब तरीके से रखे गए हैं, जो राहगीरों को झटका दे रहे हैं।
सर्किट हाउस रोड निवासी सुरेश चंद ने मेरी आवाज सुनो कॉलम के लिए समस्या भेजी थी। 21 दिसंबर के संस्करण में समस्या प्रकाशित करने के बाद टीम ने पड़ताल की। इस दौरान लोगों ने बताया कि महानगर के कई स्थानों पर नालों और सीवर के ढक्कन टूटे, गायब या अव्यवस्थित रखे हैं। इनके कारण राहगीरों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे, बारिश एवं रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। समस्या किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उधर, घंटाघर से कोर्ट रोड पुल तक स्मार्ट रोड पर सीवर के ढक्कन छोटे रखे गए हैं, जिनकी वजह से दुपहिया वाहनों को झटका लग रहा है। कई जगह ढक्कन आड़े-तिरछे लगे हैं।
- बोले नागरिक
- पाली कालरा का कहना है कि नगर निगम की यह जरा सी लापरवाही किसी की जिंदगी ले सकती है, जहां भी ढक्कन इस तरह टूटे हैं या नाले खुले पड़े हैं वहां व्यवस्था की जानी चाहिए।
- संजू ने बताया कि सर्किट हाउस रोड पर नाले का ढक्कन लंबे समय से खुला हुआ है। कई बार लोग उसमें गिरते-गिरते बचे हैं। शिकायत करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
- अरुण प्रधान ने बताया कि सुबह और शाम के समय सड़क पर काफी भीड़ रहती है। कोहरे के दौरान खुले नाले दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
- गौरव सुखीजा ने बताया कि रोजाना इस रास्ते से स्कूल जाने वाले बच्चे और ऑफिस जाने वाले लोग गुजरते हैं। थोड़ी सी चूक किसी की जान पर भारी पड़ सकती है।