सैंपल लेती खाद्य सुरक्षा की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर में होली के त्यौहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नकुड़ एवं सहारनपुर में प्रतिष्ठानों एवं फैक्ट्रियों पर छापेमार कार्रवाई की। टीम ने मौके से खाद्य पदार्थों के सात नमूने लिए।
पेठा बनाने की फैक्ट्री में गंदे पपीते से पेठा बनता हुआ पाया गया। अधिकारियों ने नमूने सील कर जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला में भेज दिए हैं। शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने डीएम पीके पांडेय के निर्देश पर अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
टीम ने दिल्ली रोड के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित भारती डेयरी चिलिंग प्लांट से घी का नमूना लिया। खुराना फूड (फाइव स्टार) के यहां से खोए की बर्फी का नमूना लिया। साथ ही छज्जपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में पेठा एवं अन्य खाद्य सामग्री बनाने की फैक्ट्री शिवलोक फूड प्रोडक्ट के यहां से पपीता पेठा का नमूना लिया।
अभिहीत अधिकारी ने बताया कि खराब एवं गंदे पपीते से पेठा बनाया जा रहा था। सभी को सील कर जांच के लिए भेज दिया गया। इसके अलावा टीम ने धर्मपुर अमोली के बाला से मिश्रित दूध का नमूना लिया, नकुड़ के बाजार में मो. मुजाहिद के यहां से बेसन का नमूना लिया, नकुड़ केेे मोहल्ला चौधरियान मनीष कुमार वत्स के यहां से दूध का नमूना लिया तथा नकुड़ के थाना चौराहा स्मृत लाल के यहां से काला जाम का नमूना लिया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि टीम ने सभी स्थानों से खाद्य पदार्थों के कुल सात नमूने लिए हैं। जिन्हें जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि छापामार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।