सहारनपुर। बकायेदार उपभोक्ताओं से बिल की वसूली के लिए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) शुरू की गई है, लेकिन बकायेदार बकाया जमा करने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। अभी तक केवल 67 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है, जिनसे 70.54 करोड़ रुपये की वसूली हुई। ऐसे में ओटीएस योजना का दम निकलता दिख रहा है।
जिले के बकायेदार 3,89,144 उपभोक्ताओं पर विद्युत निगम का 640 करोड़ रुपये का बिल बकाया है। इन उपभोक्ताओं से बकाया बिल वसूली के लिए 15 दिसंबर 2024 से एकमुश्त समाधान योजना शुरू की गई है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को बकाया बिल पर सरचार्ज में छूट दी जा रही है। 15 दिसंबर से अब तक योजना के तहत 67,493 उपभोक्ताओं ने ही अपना पंजीकरण कराते हुए बकाया बिल में सरचार्ज छूट का लाभ मिला है।
इन उपभोक्ताओं ने विभाग को 70.54 करोड़ रुपये का बिल जमा किया है। इस समय ओटीएस का दूसरा चल रहा है, जो 31 जनवरी तक चलेगा। इसमें 50 फीसदी तक की छूट दी जा रही है। तीसरा चरण एक फरवरी से 15 फरवरी तक चलेगा। पहले चरण के पहले सप्ताह से ही योजना में बकायेदारों की रुचि नहीं दिख रही है। जिसके चलते ओटीएस के माध्यम से बकाया बिल वसूली बेहद धीमी है।