सहारनपुर। अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक घायल हुआ है। हादसों में ई-रिक्शा व बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। दोनों हादसों में पुलिस प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव पापड़ेकी निवासी सुलेखचंद ने तहरीर देकर बताया कि चाचा रवि 29 जून की रात ई-रिक्शा में माल लेकर ट्रांसपोर्ट नगर जा रहे थे। आरोप है कि देहरादून पर होटल के पीछे से आ रहे कार चालक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त कन्नू ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जनकपुरी थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, देहात कोतवाली क्षेत्र में घानाखंडी निवासी शौकीन ने बताया कि कुछ दिन पहले भाई नदीम बाइक से गांव घानाखंडी से पुवांरका की ओर जा रहा था। लखनौती रोड स्थित गांव की ईदगाह के पास सामने से एक बाइक पर सवार तीन युवक बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में नदीम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस घायल को सीएचसी पुवांरका ले गई, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, एसपी सिटी व्योम बिंदल का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस वाहन चालकों की तलाश में जुटी है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।