सहारनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार को दोनों पालियों में दसवीं और 12वीं के मात्र 1641 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा में किसी प्रकार की कोई नकल या अन्य प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं रही।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त ने बताया कि पहली पाली में दसवीं की पाली, अरबी, फारसी की परीक्षा थी, जिसके लिए जनपद में कोई भी छात्र पंजीकृत नहीं था। पहली ही पाली में 12वीं की संगीत गायन और संगीत वादन की परीक्षा हुई, जो कुल पांच केंद्रों पर हुई। इन विषयों के लिए जिले भर में मात्र 71 विद्यार्थी पंजीकृत थे और सभी ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में दसवीं की संगीत गायन की परीक्षा सात केंद्रों पर हुई। इस विषय के लिए 75 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनके सापेक्ष 73 ने परीक्षा दी और दो परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी ही पाली में 12वीं की कृषि शस्य विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र और कृषि शस्य विज्ञान षष्टम प्रश्न पत्र की परीक्षा 29 केंद्रों पर हुई। इसके लिए जिले भर में 1557 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनके सापेक्ष 1497 ने परीक्षा दी और 57 गैरहाजिर रहे। इस प्रकार दोनों पालियों की दोनों कक्षाओं की परीक्षा के लिए कुल 1700 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1641 ने परीक्षा दी और 59 अनुपस्थित रहे।
आज की परीक्षाएं
यूपी बोर्ड परीक्षाओं में शनिवार 26 मार्च को सुबह की पाली में दसवीं की गृह विज्ञान (केवल बालिकाओं के लिए) तथा गृह विज्ञान (बालकों और उन बालिकाओं के लिए है, जिन्होंने इसे अनिवार्य विषय के रूप में नहीं लिया है) की परीक्षा होगी। पहली ही पाली में 12वीं के छात्र उर्दू, गुजराती, पंजाबी, बंगला, मराठी, आसामी, उड़िया, कन्नड़, सिंधी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और नेपाली विषय की परीक्षा देंगे। दूसरी पाली में केवल 12वीं की परीक्षा होगी, जो लेखाशास्त्र- नया पाठ्यक्रम (वाणिज्य वर्ग के लिए) और बहीखाता तथा लेखाशास्त्र -पुराना पाठ्यक्रम की परीक्षा होगी।