नानौता में मृतका के शव के पास लगी ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। पौत्रियों के साथ मंदिर में लगने वाले मेला देखने जा रही वृद्ध महिला की कार की टक्कर लगने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने कहा मृतक महिला के परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।
नानौता क्षेत्र के गांव बरसी में शिवरात्रि के चलते महाभारतकालीन शिव मंदिर पर तीन दिवसीय मेले का आयोजन होता है। मृतक वृद्धा के पुत्र सेटी ने बताया कि गांव चमन माजरा निवासी वृद्धा तारावती देवी (60 वर्ष) पत्नी भंवर सिंह अपनी तीन पौत्रियों (करिश्मा, गंगा व अरूणा) के साथ बरसी मेले के लिए दोपहर करीब दो बजे जा रही थी। गांव से पैदल चलकर तीनों पौत्रियां तो देवबंद रोड क्रास कर वाहन के इंतजार में खड़ी हो गई, लेकिन वृद्धा थोड़ा पीछे रहने के चलते सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान कार ने वृद्धा तारावती को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वृद्धा 10 मीटर दूर जाकर सड़क पर गिरी। टक्कर लगने के चालक कार लेकर बड़गांव की ओर फरार हो गया। टक्कर लगने के कुछ ही देर बाद घायल वृद्धा ने दम तोड़ दिया। सूचना पर मौके पर थानाध्यक्ष मय फोर्स के पहुंचे। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि परिजन बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार के लिए मृतका को अपने साथ गांव ले गए।