खड़खड़ी में हत्या के बाद मृतक के घर जमा ग्रामीण
- फोटो : SAHARANPUR
गागलहेड़ी(सहारनपुर)। घर के बाहर पड़ी टीन शेड में सो रहे साठ वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह जब उनकी पत्नी जागी तो वारदात का पता चला। मौके पर पहुंची पुलिस, डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने जांच की। अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना प्रभारी ने बताया की गांव खड़खड़ी निवासी महमूद पुत्र हाजी पीरू रविवार की रात अपने घर के बाहर पड़े टीन शेड में सोए थे। सुबह होने पर उनकी पत्नी शाहिदा भैंस का दूध निकालने जब वहां पहुंची तो महमूद का खून से लथपथ शव बिस्तर पर पड़ा था। उसे गोली लगी थी। यह देखते ही उसकी चीख निकल गई। उसे सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलवाया गया। टीम ने घटना स्थल की जांच करने के साथ ही नमूने इकट्ठा किए। पुलिस को मौके से 315 बोर का एक खोखा भी मिला है, जिसे टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महमूद के पुत्र ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई है। इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
एएसपी सैयद अली अब्बास भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। मृतक के पुत्र गुलबहार ने उन्हें बताया कि उसके पिता की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। उनकी हत्या में रात में किस समय की गई उन लोगों को यह भी पता नहीं चल सका, न ही उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी। हैरत की बात है कि पड़ोसियों ने भी गोली चलने की आवाज नहीं सुनी, जबकि पुलिस को मौके पर 315 बोर की गोली का खोखा मिला है। जानकारों का कहना है कि इस बोर की गोली चलते वक्त आवाज भी ज्यादा करती है। एएसपी ने सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।