तीतरो (सहारनपुर)। क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धा सहित चार व्यक्ति घायल हो गए। लोगों ने सभी घायलों को सरकारी चिकित्सालय में भर्ती कराया। हायर सेंटर में वृद्धा ने दम तोड़ दिया।
तीतरो के मोहल्ला हरिजन बस्ती निवासी प्रवीण अपनी 65 वर्षीय सास केला देवी को अपनी सुसराल बागपत से लेकर तीतरो आ रहा था। मंगलवार को सुबह के समय तीतरो में अग्रवाल बाग के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इसमें प्रवीण और उसकी सास सड़क पर गिर गए। गंभीर हालत में दोनों को ग्रामीणों ने अस्पताल भेजा, वहां से उन्हें हायर सेंटर भेजा। वहां वृद्धा ने दम तोड़ दिया। उधर, कोतवाली प्रभारी ने बताया अभी मामले में तहरीर नहीं आई है, यदि तहरीर आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।
सोमवार की रात में गांव रादौर निवासी मोनू पुत्र तेल्लूराम तीतरो की ओर से अपने घर लौट रहा था कि कार की टक्कर से वह घायल हो गया। इसी गांव के सोम प्रकाश सैनी की बाइक भी कार से टकरा गई, इससे उसे भी चोटें आई। कार चालक पर लापरवाही का आरोप लगाकर मौके पर जुटे ग्रामीणों ने उसकी धुनाई कर दी। हालांकि बाद में जिम्मेदार लोगों ने घायलों को अस्पताल भेजा और कार चालक को छोड़ दिया।