चिलकाना के फिरोजाबाद में आत्महत्या किए जाने की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार की दोपहर चिलकाना थाने के गांव फिरोजाबाद में सड़क के किनारे स्थित आम के बाग में पेड़ की शाखा पर एक युवक का शव लटका मिला। राहगीरों ने ग्राम प्रधान तथा पुलिस को इसकी सूचना दी। एसएसआई इंद्रजीत सिंह तथा ग्राम प्रधान मंजूर अहमद ने बाग में पहुंच पेड़ पर लटके शव को उतरवाया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मोनू पुत्र रेलू राम निवासी भागूवाला थाना मिर्जापुर के रूप में हुई। सूचना पर मोनू की बहन सलेलता तथा बहनोई रजनीश सहित अनेक ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसएसआई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार की दोपहर डायल 112 पर मोनू ने सूचना दी थी कि गांव बड़गांव निवासी बहनोई रजनीश पर उसके रुपये हैं तथा वह रुपये वापस नहीं दे रहा है। पुलिस मोनू तथा रजनीश को थाने ले आई थी। थाने में बड़गांव के प्रधान शिवचरण सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में दोनों में लिखित समझौता करा दिया गया था। दोपहर बाद मोनू अपने गांव भागूवाला के लिए चल दिया था कि रास्ते में फिरोजाबाद के समीप वह पेड़ पर लटका मिला।
वहीं मोनू के बहनोई रजनीश ने बताया कि मोनू एक महीने से उसके पास बड़गांव में ही रह रहा था। मंगलवार की सुबह मोनू कहने लगा कि उसके 27 हजार रुपये दे दो। जबकि उसके पास उसका कोई रुपया नहीं था। इसके बाद उसने पुलिस को फोन कर दिया। थाने में पुलिस के सामने तय हो गया कि उसके पास कोई पैसा नहीं है तथा लिखित में समझौता हो गया था।
उधर थानाध्यक्ष बीएस वर्मा ने बताया कि मृतक युवक के मां बाप नहीं है। वह अपनी बहन के पास ही रहता था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है फिर भी यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ संदिग्ध आता है तो जांच कराई जाएगी।