एबीडी क्षेत्र में विकास कार्यों पर पार्षदों से बात करें अधिकारी : महापौर
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी के तहत चिह्नित एबीडी (एरिया बेस्ड डेवलपमेंट) क्षेत्र में विकास कार्यों से पहले अधिकारी संबंधित पार्षदों के साथ मंथन करें। यह निर्देश महापौर संजीव वालिया ने अधिकारियों को दिए। वह मंगलवार को एबीडी क्षेत्र के पार्षदों के साथ नगरायुक्त कार्यालय में बैठक कर रहे थे।
बैठक में महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने सबसे पहले एबीडी क्षेत्र के पार्षदों से सुझाव लिए। पार्षद मंसूर बदर का सुझाव था कि एबीडी क्षेत्र के पार्षदों की एक कार्यशाला आयोजित की जाए, जिसमें जल निगम के अधिकारी मैप के साथ पार्षदों को सीवरलाइन या पाइप लाइन आदि के संबंध में जानकारी दें।
महापौर ने उनकी बात पर सहमति जताते हुए जल निगम और जलकल के अधिकारियों को पार्षदों के साथ कार्यशाला करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि जो भी कार्य होने हैं उस पार्षदों को अवगत कराया जाए। पार्षद मुकेश गक्खड़, मानसिंह जैन, मनोज जैन, आशुतोष सहगल, पुनीत चैहान आदि का कहना था कि जो सीवर लाइन डाली गई है उसे सभी गलियों के साथ नहीं जोड़ा गया है। ना ही अभी तक सड़क बनाई गई हैं। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने जल निगम व जल कल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह हर 15 दिन बाद एबीडी क्षेत्र के पार्षदों के साथ बैठक कर चर्चा करें। पार्षद फजलुर्रहमान व भूरा सिंह प्रजापति ने भी सुझाव दिए। बैठक में पार्षद नेपाल सिंह, गौरव, शहजाद, मनोज कुमार, सईद अहमद, शाहनवाज, इमरान अली व पार्षद प्रतिनिधि सईद सिद्दकी और नितिन सिंघल आदि मौजूद रहे। अधिकारियों में जल निगम के अधिशासी अधिकारी राजेंद्र सिंह, नगर निगम के जलकल विभाग के महाप्रबंधक मनोज आर्य, मुख्य अभियंता निर्माण कैलाश सिंह, जल निगम के सहायक अभियंता वेदपाल सिंह, अधिशासी अधिकारी सुशील सिंघल आदि भी मौजूद रहे।