सहारनपुर। कोविड टीकाकरण में गति लाने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन और प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी ने मंगलवार को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया, साथ ही वार्ड 32 में आयोजित शिविर में लोगों को घरों से बुलाकर टीकाकरण कराया।
नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह के निर्देश पर सोमवार को वार्ड 32 के खान आलमपुरा में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन के नेतृत्व में प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बी एस नेगी ने पार्षद शावेज अहमद को साथ लेकर टीकाकरण जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान खान आलमपुरा मस्जिद के इमाम सलमान से भी मुलाकात कर उन्हें भी लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने को कहा गया। लोगों को प्रेरित करने के लिए इमाम ने खुद केंद्र पर पहुंचकर टीका लगवाया। पार्षद शाहवेज, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन व कर्नल नेगी ने वार्ड के सैकड़ों घरों पर लोगों से संपर्क कर उन्हें समझाया गया कि यदि वह टीका लगवाते हैं तो वह खुद के साथ ही अपने परिजनों को भी कोरोना की चपेट में आने से बचा सकेंगे। निगम की टीम में प्रवर्तन दल के नवाबुद्दीन, हेमराज, एएनम अनीता मान, रूचिका, आंगनबाड़ी सविता, सफाई निरीक्षक अमरीश, राजकमल आदि मौजूद रहे।
स्वच्छता के लिए प्रेरित किया
सहारनपुर। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफाई निरीक्षक अमित तोमर के नेतृत्व में वार्ड 46 में घर घर जाकर लोगों को कचरा प्रबंधन की जानकारी दी। लोगों को मेरा कूड़ा-मेरी जिम्मेदारी अभियान से अवगत कराते हुए कहा कि हम अपने घरों में जमा होने वाले कचरे का निस्तारण खुद कर सकते हैं। कचरे से खाद बनाकर उसे गमलों और किचन गार्डन में इस्तेमाल कर सकते हैं।