छोटी घटना को गंभीरता से लें अधिकारी : डीएम
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि अधिकारी हर छोटी से छोटी घटना का गंभीरता से संज्ञान लें। किसी को भी कानून व्यवस्था का उल्लघंन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सूचनातंत्र को सक्रिय रखें। अपराधियों और माहौल खराब करने वालों पर पैनी निगाह रखें। उन्होंने कहा कि बदअमनी फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने यह निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में माहौल खराब करने एवं किसानों को उकसाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्ती बरती जाए। किसी भी किसान या आम आदमी का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्थितियों पर निगाह रखें। जिलाधिकारी ने शामली और सहारनपुर की सीमा पर घूमने वाले निराश्रित गोवंशों को गोशालाओं में भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण की शिकायत आने पर उसे तुरंत हटवाया जाए। उन्होंने विद्युत निगम के अधिकारियों को विभाग को निर्देश दिए कि जहां कहीं भी बिजली के तार लटके हैं उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर एस चन्नप्पा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसबी सिंह, ज्वाईंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल, उपजिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर पूरण सिंह राणा, एसपी सिटी विनीत भटनागर, जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार दुबे, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी आरपी मिश्रा आदि मौजूद रहे।