फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तालाबों पर कब्जे, कैसे हो जल संचय

विज्ञापन
विज्ञापन
सहारनपुर। मानसून आने वाला है, एक बार फिर वर्षा का पानी बेकार जाएगा। क्योंकि वर्षा जल संचय की कवायद पूरी तरह सफल नहीं हो सकी है। इसकी बड़ी वजह तालाबों पर अवैध कब्जे हैं। वैसे तो भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने से लेकर तालाबों के सुंदरीकरण की योजनाएं बन रही हैं, लेकिन जिले में तालाबों का क्षेत्र सिकुड़ चुका है। राजस्व रिकार्ड में दर्ज कुल 6042 तालाबों में से 1480 की जमीनों पर अवैध कब्जे थे, अभियान चलाकर 787 तालाबों से अवैध कब्जे हटवाए गए। इसके बावजूद अब भी अवैध कब्जे वाले तालाबों की संख्या काफी है। आलम यह है कि तालाबों पर कब्जे कर या तो मकान बना लिए हैं या खेती की जा रही है। पहले गांवों में बारिश का पानी तालाबों में इकट्ठा होता था, लेकिन अब रास्तों पर भरता रहता है।
विज्ञापन

देवबंद तहसील के गांव इमलिया के तालाब में घास उगी हुई है, किनारों पर लोगों ने उपलों के बिटोरे रखकर अवैध कब्जा कर लिया है। गांव के मनसब ने बताया कि तालाब की खोदाई नहीं की गई है, सुंदरीकरण कराना तो बहुत दूर की बात है। तालाब में पानी की एक बूंद भी नहीं है। पूरा तालाब सूखा पड़ा है। नागल ब्लॉक के गांव नासिरपुर डिगोली के तालाब में भी घास है। ग्रामीण आभेराम त्यागी, जसवीर सिंह, पीयूष शर्मा, हरपाल त्यागी, अरुण त्यागी का कहना है कि उन्हें याद नहीं कि तालाब की सफाई कब हुई थी। क्षेत्र के गांव पहाड़पुर, नन्हेड़ा बुड्ढा खेड़ा, सलेमपुर, चंदेना कोली, पीरड आदि गांवों के तालाबों की दशा खराब है। गांवों में जल निकासी की भी समस्या बनी है। देवबंद तहसीलदार हर्ष चावला ने बताया कि कुछ तालाबों पर मुकदमेबाजी भी चल रही है। जिन तालाबों पर मुकदमेबाजी नहीं है उन्हें जल्द ही अभियान चलाकर कब्जामुक्त करा दिया जाएगा।
बेहट तहसील के गांवों कांसेपुर, कस्बागढ़, हुसैनपुर, दयालपुर स्थित तालाबों की हालत खराब है। इन गांवों के तालाबों की एक अरसे से खोदाई तक नहीं कराई गई है। ज्यादातर अवैध कब्जों का भी शिकार हैं। तहसील के रिकार्ड के अनुसार क्षेत्र में 545 तालाब हैं, जिनमें से 90 पर अवैध कब्जे थे। तहसीलदार ने बताया कि अभियान चलाकर 48 तालाबों को कब्जा मुक्त करा दिया गया है। 42 तालाबों पर अभी भी अवैध कब्जे हैं। इन्हें भी जल्द ही कब्जा मुक्त कराया जाएगा। रामपुर मनिहारान तहसील क्षेत्र के 200 से ज्यादा तालाबों पर कब्जा हटाया जाना बाकी है और 186 तालाबों का वाद न्यायालय में चल रहा है।
विज्ञापन

वर्जन --
तालाबों की जमीन से अवैध कब्जे हटवाने के लिए अभियान चल रहा है। काफी तालाबों से अवैध कब्जे हटे हैं और तालाबों की खोदाई का कार्य भी कराया गया है। जल्द ही अन्य तालाबों की जमीन से भी अवैध कब्जे हटवाए जाएंगे। -- एसबी सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)
विज्ञापन

-- जिले भर में तालाबों की स्थिति
तहसील --- कुल तालाब ---- अवैध कब्जे --- हटवाए कब्जे
सदर --------- 1835 ---------- 353 ------------- 259
नकुड़ -------- 1190 ---------- 252 -------------- 95
देवबंद ------- 1241 ---------- 328 -------------- 152
बेहट -------- 545 ------------ 90 --------------- 48
रामपुर मनिहारान - 1231 --- 457 ------------- 233
योग ----------- 6042 -------- 1480 ----------- 787
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें