गांव आलमपुर में बरात की चढ़त के दौरान हुए झगड़े के बाद जुटी भीड़। श्रोत-ग्रामीण
मिर्ज़ापुर। आलमपुर गांव में बरात की चढ़त के दौरान गाना बजाने को लेकर मुस्लिम समाज की आपत्ति के बाद दोनों पक्षों में लाठी डंडे चल गए। इसमें दूल्हे समेत चार बराती घायल हो गए। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। तीन ग्रामीणों को हिरासत में लिया है। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में फेरों की रस्म पूरी कराई गई।
गांव आलमपुर में अनुसूचित समाज के जोगेंद्र की बेटी की बरात कोतवाली बेहट के गांव गंदेवड़ पठानपुरा से आई थी। बरात की चढ़त के दौरान बराती नाचते गाते मुस्लिम आबादी के बीच से गुजर रहे थे। इसी दौरान बज रहे गाने पर मुस्लिमों ने आपत्ति की, जिस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल पड़े। इससे बरात में अफरातफरी मच गई। झगड़े में दूल्हा सोनू, जोगेंद्र, रजत, सौरभ आदि घायल हो गए, जिनको उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहट में भर्ती कराया गया, जहां से सभी को छुट्टी दे दी गई।
सूचना मिलते ही सीओ मुनीश चंद्र, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह मिर्जापुर एवं बेहट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को भगाया और माहौल को शांत कराया। इसके बाद पुलिस की उपस्थिति में लड़की के फेरों की रस्म पूरी कराई गई। गांव के माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
उधर, सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ है। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हमला करने वाले तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।