अब सिलिंडर का झंझट खत्म, पीएनजी से बनेंगे व्यंजन
सहारनपुर। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शहर में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति शुरू हो गई। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने इसका वर्चुअल शुभारंभ किया। अब लोगों को घरों में खाना पकाने के लिए गैस सिलिंडर के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। हालांकि पहले दिन सिर्फ एक कालोनी के 60 घरों में इसकी आपूर्ति शुरू की गई है। धीरे धीरे अन्य कालोनियां में आपूर्ति शुरू की जाएगी।
कैंप कार्यालय से इसका शुभारंभ कर मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने कहा कि प्राकृतिक गैस केवल 51.5 प्रतिशत तक हवा के साथ मिश्रित होने पर ही आग पकड़ती है, जबकि एलपीजी यदि 2 प्रतिशत या उससे अधिक हवा के साथ मिश्रित हो जाए तो भी आग पकड़ लेती है। पीएनजी पूरी तरह से रसोई गैस के रूप में सुरक्षित है। उन्होंने भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में कार्य करने वाले विभागों से समन्वय स्थापित कर परियोजना को पूरा किया जाए। कार्य को शीघ्रता से पूरा करने के साथ-साथ गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाए। इस मौके पर वरिष्ठ प्रबंधक विनय कुमार, प्रबंधक अनुपम श्रीवास्तव, सहायक प्रबंधक नितेश कुमार, संजीव कर्णवाल, विनोद घावरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थेे।
मार्च तक 1000 घरों में पहुंचेगी पीएनजी
भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड वरिष्ठ प्रबंधक विनय कुमार ने बताया कि पहले दिन दिल्ली रोड स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के 60 घरों में गैस आपूर्ति शुरू कराई गई है। इसके उपरांत दिल्ली रोड पर हसनपुर चुंगी तक की सभी कॉलोनियों मेंआपूर्ति शुरू कराई जाएगी। मार्च माह तक करीब 1000 घरों सुविधा पहुंचाई जाएगी।
- चार साल से चल रही थी तैयारी
महानगर में पीएनजी की आपूर्ति शुरू कराने को लेकर चार साल से कवायद चल रही थी। शहर में अमृत योजना, स्मार्ट सिटी योजना इत्यादि के अंतर्गत अनेक विकास कार्य चल रहे हैं। इस वजह से पाइप लाइन कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। बीते एक महीने से पाइपलाइन में गैस छोड़े जाने का परीक्षण चल रहा था। कई जगह मरम्मत करने मे बाद पिछले सप्ताह परीक्षण पूर्ण हुआ।
- उपभोक्ताओं ने जताई खुशी
इंद्रप्रस्थ कालोनी में रहने वाले चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, सचिन गोयल, अजय कुमार, अमर सिंह आदि ने पीएनजी की आपूर्ति शुरू होने पर खुशी जताई। सचिन गोयल ने बताया कि काफी समय से इंतजार हो रहा था। पहेल दिन जब गैस आपूर्ति शुरू हुई तो प्रेशर अच्छा रहा। अब सहारनपुर में भी नोएडा और दिल्ली जैसे शहरों की तरह घर तक गैस आपूर्ति शुरू होने पर अच्छा लग रहा है।
सचिन गोयल- फोटो : SAHARANPUR
भारत पेट्रोलिय कारपोरेशन पीएनजी की घरेलू गैस आपूर्ति का शुभारम्भ करते कमिश्नर एवी राजमौलि- फोटो : SAHARANPUR