सहारनपुर में ढमोला नदी के अतिक्रमणकारियों को प्रशासन ने चेताया है कि अब कोई नोटिस नहीं दिया जाएगा। तीन साल में नोटिस की कई बार प्रक्रिया हो चुकी है, अब सीधे एफआईआर कराकर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने विधिक राय लेने के बाद कार्रवाई की तैयारी की।
ढमोला नदी पर अतिक्रमण को लेकर प्रशासन अब सख्ती बरतने की तैयारी कर चुका है। प्रशासनिक अधिकारी कार्रवाई को लेकर विधिक राय भी ले चुके हैं। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को चेताया है कि अब किसी को कोई नोटिस नहीं दिया जाएगा।
17 जून 2013 को आई बाढ़ के बाद से अब तक तीन साल में कई सौ नोटिस जारी किए जा चुके हैं। एक बार नहीं कई-कई बार नोटिस दिए गए हैं। अब अतिक्रमणकारियों का नोटिस न देने का बहाना नहीं चलेगा। अब सीधे एफआईआर ही की जाएगी और ध्वस्तीकरण कराया जाएगा।
इसके लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व ने दो दिन पूर्व ढमोला नदी का निरीक्षण भी किया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हरीश चंद का कहना है कि बहुत दे दिए नोटिस, अब कार्रवाई की जाएगी। किसी की सिफारिश और दबाव नहीं सहन किया जाएगा। ढमोला नदी पर अतिक्रमण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।