देवबंद (सहारनपुर)। गृहमंत्री अमित शाह के देवबंद में डोर-टू-डोर कैंपेन में भारी भीड़ जुटने का ठीकरा प्रशासन ने भाजपा नेताओं के सिर फोड़ा है, साथ ही कोविड प्रोटोकाल के उल्लंघन के आरोप में देवबंद विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा के प्रभारी (प्रशासनिक अनुमति प्रमुख) नितिन गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं, भाजपा की ओर से गृहमंत्री की सुरक्षा में चूक होने और भीड़ इकट्ठा होने का जिम्मेदार प्रशासन को ठहराया गया है।
शनिवार को नगर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जनसंपर्क कार्यक्रम था। अमित शाह के मुख्य बाजार में पहुंचने से पहले ही वहां कई हजार लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके चलते अव्यवस्था का माहौल बन गया। जैसे ही शाह कार से उतरकर कैंपेन करने लगे तो लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। जिस वजह से वह ज्यादा दूर तक जनसंपर्क नहीं कर पाए और नाराजगी जताते हुए वह यहां से वापस लौट गए थे। देवबंद विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी दीपक कुमार की ओर से भाजपा के प्रशासनिक अनुमति प्रमुख नितिन गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि गृहमंत्री के कार्यक्रम के दौरान भीड़ जुटने से चुनाव आयोग के निर्देशों और कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन हुआ है, जवाब के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। वहीं, विधानसभा देवबंद के भाजपा प्रभारी करुणेश नंदन का कहना है कि लापरवाही संगठन स्तर से नहीं बल्कि पुलिस प्रशासन की ओर से हुई है। गृहमंत्री ने स्वयं अव्यवस्थाओं के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।