गंगोह (सहारनपुर)। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए गंगोह में चार उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। निर्वाचन अधिकारी द्वारा जांच में सपा समर्थित दोनों प्रत्याशी के नामांकन निरस्त कर देने पर सपा समर्थकों में आक्रोश फैल गया और ब्लाक परिसर में धरने पर बैठ गए। सपा प्रत्याशी खुद भी मजिस्ट्रेट की कार के आगे लेट गई और सपा जिलाध्यक्ष सड़क पर ही धरना देकर बैठ गए। इसको लेकर हंगामा जारी रहा।
बृहस्पतिवार को ब्लाक प्रमुख पद के लिए निर्वाचन अधिकारी कृष्ण मोहन त्रिपाठी के समक्ष भाजपा प्रत्याशी सुमन और निर्दलीय मुन्नी ने नामांकन दाखिल किए। इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रूद्रसैन, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी चौधरी इंद्रसेन, पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि ऋषिपाल, मजाहिर राणा आदि के साथ सपा की ओर से कविता और बबली ने नामांकन दाखिल किए। जांच के दौरान कविता और बबली के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों पर लगाए गए प्रस्तावकों, प्रत्याशियों व अनुमोदकों के फोटो स्व: प्रमाणित नहीं थे। इसके बाद सपा प्रत्याशी बबली देवी अधिकारियों की कार के आकर लेट गई। पर्चा खारिज होने की खबर सपाइयों तक पहुंची तो जिलाध्यक्ष चौ. रुद्रसेन की अगुवाई में समर्थक ब्लॉक में धरने पर बैठ गए। चौधरी रुद्रसेन ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। इसके बाद प्रशासन ने भीड़ को अंदर नहीं आने दिया तो गेट पर ही सपा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी चौ. इंद्रसैन समर्थकों के साथ धरना देकर बैठ गए। रात तक धरना चल रहा था। एसपी देहात अतुल शर्मा, सीओ गंगोह रिजवान अहमद, तहसीलदार देवेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर डटे थे।