- तीन अधिकारी किए गए हैं नामित, कोविड अस्पतालों की व्यवस्था जांचेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। शासन ने तीन अधिकारियों को सहारनपुर जिले के लिए नामित किया है, जो कोविड 19 के संक्रमण को लेकर स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
पिछले दिनों ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के उन जिलों की समीक्षा की थी, जिनमें कोविड-19 संक्रमण की वजह से लगातार मौत हो रही हैं। इसके बाद ही जिलों के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए। सहारनपुर के लिए प्रमुख सचिव उद्योग व खाद्य प्रसंस्करण बाबूलाल मीणा, एनएचएम के अपर प्रबंधक निदेशक हीरालाल, असिस्टेंट प्रोफेसर केजीएमयू कुलरंजन सिंह को नामित किया गया है। यह तीनों अधिकारी शनिवार को सहारनपुर जिले में पहुंच जाएंगे। इसके बाद वह कांटैक्ट ट्रेसिंग, मेडिकल कॉलेज के कोविड केयर अस्पताल की व्यवस्थाएं सहित अन्य चिकित्सा सुविधाओं के बारे में निरीक्षण करेंगे। तीनों अधिकारियों के सहारनपुर आगमन का कार्यक्रम स्थानीय अधिकारियों को प्राप्त हो गया है।
-------
पांचों एसडीएम से कराई सफाई किट खरीद की जांच
सहारनपुर। ग्राम पंचायतों में सफाई किट खरीद को लेकर जिलाधिकारी ने पांचों एसडीएम से जांच कराई है। एक एसडीएम को 10 ग्राम पंचायतों में जांच करनी है। सफाई किट खरीद को लेकर भाजपा के सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक रामपाल सिंह पुंडीर ने मुख्यमंत्री को शिकायतपत्र भेजकर घोटाला होने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि 5200 रुपये में सफाई किट और करीब 4100 रुपये में कोविड किट खरीदी गई, जबकि शासन ने कोविड किट 2800 रुपये में खरीदने का निर्देश दिया था। इस आरोप के चलते जिलाधिकारी ने उपनिदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग और बीएसए सहित तीन अधिकारियों से जांच कराई थी। तीनों अधिकारियों ने जांच करके डीएम को रिपोर्ट सौंप दी। अब जिलाधिकारी ने जिले के पांचों एसडीएम से इस मामले में जांच कराई है, जो लगभग पूरी हो चुकी है। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह का कहना है कि पांचों एसडीएम की जांच रिपोर्ट आने पर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके बाद शासन के निर्देश पर कार्रवाई होगी।