सहारनपुर। शासन की प्राथमिकताओं और विकास कार्यों के प्रभावी अनुश्रवण और स्थलीय निरीक्षण के लिए अपर मुख्य सचिव एवं जिले के नोडल अधिकारी डा. रजनीश दुबे सहारनपुर पहुंच रहे हैं। वह चार दिन के भ्रमण पर शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर विकास, सफाई व्यवस्था, राजस्व, पंचायती राज समेत अनेक विभागों के कार्यों की स्थिति को देखेंगे और समीक्षा भी करेंगे।
इस दौरान वह डेंगू आउटब्रेक/स्क्रब टाइफस के प्रभावी नियंत्रण के लिए चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कई बिंदुओं की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा में डेंगू, मलेरिया आदि के नियंत्रण के लिए चिकित्सा विभाग की सूची में शामिल बिंदुओं की भी समीक्षा करेंगे। बाढ़/अतिवृष्टि की आपदा से निपटने के लिए बचाव और राहत कार्यों के संबंध में राजस्व अनुभाग-11 के शासनादेश में शामिल बिंदुओं की समीक्षा करेंगे। गांव में पूर्ण स्वच्छता, एंटी लार्वा का नियमित छिड़काव और फॉगिंग, जलभराव से निपटने के उपाय, आबादी वाले इलाकों में झाड़ियों की सफाई, पेयजल व्यवस्था का जायजा लेंगे। नगर विकास के क्षेत्र में वह निकाय के प्रत्येक वार्ड की गलियों, नालियां और मुख्य मार्गों पर नियमित रूप से साफ-सफाई, घर-घर से कूड़ा इकट्ठा करने तथा सैनिटाइजेशन व फॉगिंग की स्थिति की भी जानकारी लेंगे।
पड़ाव घरों से नियमित रूप से कूड़ा उठान और निस्तारण, प्रत्येक वार्ड में जलभराव क्षेत्र को चिह्नित कर एंटी लार्वा का छिड़काव, ब्लीचिंग पाउडर, मेलाथियान डस्ट आदि के छिड़काव की भी स्थिति को देखेंगे। शुद्ध पेयजल पाइपलाइन में लिकेज की नियमित जांच और मरम्मत, पेयजल के नमूनों की नियमित जांच और नियमित क्लोरिन के टैबलेट का वितरण, हवा की गुणवत्ता आदि की समीक्षा करेंगे। बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालय परिसर तथा शौचालयों की साफ-सफाई और विद्यालयों में शुद्ध पेयजल आदि की समीक्षा करेंगे। उनके आगमन की सूचना से विभागीय अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।