सहारनपुर। दिवाली के बाद भी शहर की हवा साफ नहीं हो पा रही है। बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 235 से बढ़कर 237 तक पहुंच गया। पिछले छह दिनों से लगातार एक्यूआई 200 के पार बना हुआ है। इससे शहर की हवा खराब श्रेणी में पहुंची हुई है। सुबह के समय धुंध और ठंड के बीच लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है।
शहर में सुबह सात से आठ बजे तक ठंड और धुंध का असर दिखाई दे रहा है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत तो मिल रही है, लेकिन हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण वातावरण को प्रभावित कर रहे हैं। मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने और कोहरा छाने की संभावना भी है। पिछले छह दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 10 नवंबर को एक्यूआई 235, नौ नवंबर को 268, आठ नवंबर को 230, सात नवंबर को 239 और छह नवंबर को 235 दर्ज किया गया था।
बुधवार को एक्यूआई 237 पर पहुंच गया। लगातार खराब हवा के कारण सांस और हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। मिर्जापुर स्थित मौसम वेधशाला के प्रभारी अमीर आलम ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह बोले विशेषज्ञ
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अनिल वोहरा ने बताया कि एक्यूआई 200 से अधिक होने पर गले में खराश, सांस फूलना, सीने में जकड़न और घरघराहट जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। अस्थमा और फेफड़ों के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। आंखों में लालिमा, पानी आना, खुजली और नाक में जलन की शिकायत भी हो सकती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।