जेल में बंद भाइयों से मुलाकात नहीं कर पाएंगी बहनें
सहारनपुर। कोरोना संक्रमण काल में रक्षा बंधन पर भी बहनें जेल में बंद भाइयों से न तो मुलाकात कर पाएंगी और न ही उन्हें राखी बांध सकेंगी। जिला जेल के बाहर ही काउंटर स्थापित किया जाएगा। इसी काउंटर पर उन्हें लिफाफे में भाई के लिए राखी, चंदन, चावल सहित अन्य तिलक सामग्री पैक करके देनी होगी। इस लिफाफे पर जेल में बंद भाई का नाम, बैरक संख्या, परिजन का नाम और पूरा पता अंकित किया जाएगा। इसके बाद यह लिफाफा ही संबंधित बंदी तक भेजा जाएगा।
कारागार मुख्यालय की ओर से कोरोना काल में रक्षा बंधन के त्योहार के लिए गाइड लाइंस जारी की हैं। जिला कारागार प्रशासन ने भी इसके अनुरूप तैयारी शुरू कर दी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. विरेश चंद्र ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल के कारण मुलाकात व्यवस्था प्रतिबंधित रहेगी। यहां पहुंचने वाली बहनें कोई मिठाई या खाद्य सामग्री भी भाइयों को नहीं दे पाएंगी। लिफाफे में दी जाने वाली सामग्री को पूरी तरह सैनिटाइज करने के बाद ही जेल में भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार रक्षा बंधन पर्व तीन अगस्त को है। इस पर्व के उपलक्ष्य में जिला कारागार की ओर से भोजन व्यवस्था भी की जाएगी।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल के कुछ बंदी पूर्व में कोरोना से संक्रमित मिल चुके हैं। इसके चलते पहले से भी काफी सतर्कता बरती जा रही है। जेल में आने वाले नए बंदियों की सैंपलिंग जांच के अलावा रैंडम स्तर पर भी नमूने लिए जा रहे हैं।