बेहट (सहारनपुर)। मिर्जापुर स्थित ग्लोकल मेडिकल कॉलेज के कोविड केयर सेंटर से फरार हुए 15 हजार के इनामी अफजाल के मामले में सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी चूक सामने आई है। हैरान करने वाली बात यह है, कि चिकित्सा स्टाफ एवं यहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लग पाई, कि अफजाल फरार कब हुआ।
ग्लोकल मेडिकल कॉलेज कोविड केयर सेंटर पर सुरक्षा के चार सब इंस्पेक्टर, 6 कांस्टेबल एवं दो गारद तैनात हैं। इन सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी को दोपहर 12 से दोपहर 2 बजे के बीच थाना मिर्जापुर प्रभारी द्वारा प्रतिदिन चेक किया जाता है। यूपी-112 की गाड़ी भी रूटीन के हिसाब से प्रतिदिन कोविड केयर सेंटर पर गश्त करती है। मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग में दूसरी और तीसरी मंजिल पर कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती किए जाते है। सबसे नीचे के भाग में आम मरीजों का आवागमन रहता है। सुरक्षा के लिहाज से बिल्डिंग के दोनों ऊपर के भाग कोरोना पॉजिटिव मरीजों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे है। सुरक्षा के इतने इंतजामों के बाद भी 6 सितंबर को कोविड केयर सेंटर लाया गया 15 हजार का इनामी अफजाल किस वक्त फरार हो गया इसकी भनक न तो चिकित्सा स्टाफ को लगी और न ही सुरक्षाकर्मियों को। 16 सितंबर को जब रिपोर्ट नेगेटिव आने पर मरीजों की छुट्टी किए जाने से पहले उनकी गिनती की जा रही थी, तभी अफजाल के फरार होने का पता चला। अफजाल किस दिन और किस समय फरार हुआ अभी तक इसकी जानकारी भी पुलिस के हाथ नहीं लग सकी। यहां पर लगाए गए सीसीटीवी फुटेज में अफजाल की फरारी के मामले में पुलिस की कोई मदद नहीं कर पा रहे है। अफजाल किसी भी कैमरे की नजर में नहीं आया है। सीओ बेहट विजयपाल सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं परंतु जिस तरफ से वो भागा है उधर कैमरे नहीं हैं। इनामी बदमाश को पकड़ने के लिए पांच टीम लगी हैं।
,