सहारनपुर। मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने विकास भवन सभागार का बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में विभिन्न विभागों के नौ अधिकारी व 70 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। मंडलायुक्त ने सभी का एक दिन का वेतन रोकने व स्पष्टीकरण के आदेश दिए हैं।
बुधवार को सुबह सवा दस बजे अचानक मंडलायुक्त अटल कुमार विकास भवन पहुंचे। विकास भवन पहुंचते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं को ठीक करने में लग गए। मंडलायुक्त ने सहायक अभियंता लघु सिंचाई, जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास, उप निदेशक समाज कल्याण, जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके अलावा जिला विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता आरईडी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, डीपीओ, जिला कृषि अधिकारी आदि कार्यालय में भी पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त कई कार्यालयों के उपस्थिति रजिस्टर को साथ ले गए। मंडलायुक्त ने अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों को एक सप्ताह के भीतर अपना जवाब देना होगा। जवाब न देने की स्थिति में एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण, सीवीओ डॉ. एमपी सिंह गौड़, डीपीआरओ आलोक कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।