सहारनपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ने पर सहारनपुर में भी आज रात से नाइट कर्फ्यू लग जाएगा। रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक लोगों आवाजाही नहीं कर सकेंगे, लेकिन आवश्यक सेवाएं बाधित नहीं होंगी। फिलहाल यह व्यवस्था नगरीय क्षेत्रों में प्रभावी रहेगी। बाद में जरूरत पड़ने पर इसे ग्रामीण क्षेत्र में भी लागू किया जाएगा।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मामले में पिछले दिनों में लगातार बढ़े हैं। शासन की तरफ से मिली गाइडलाइन के अनुसार सहारनपुर जिले के नगरीय क्षेत्रों में नाइट कर्फ्यू लगाने का निर्णय किया है। उन्होंने बताया कि 09 अप्रैल (आज) की रात नौ बजे से नाइट कर्फ्यू व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नाइट कर्फ्यू के दौरान आवश्यक सेवाएं बाधित नहीं होंगी। साथ ही निर्वाचन कार्य में लगे कर्मी भी आसानी से आवागमन कर सकेंगे। इसके अलावा माल वाहक वाहन और दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों के आवागमन पर भी प्रतिबंध नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि नाइट कर्फ्यू के दौरान दवाओं और पेट्रोल पंप आदि को चिह्नित कर खुलवाने की व्यवस्था की जाएगी। ताकि आपात स्थिति में ऐसी किसी वस्तु की दिक्कत ना होने पाए।