सहारनपुर। समान कार्य समान वेतन और स्थायीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों की हड़ताल से जिलेभर में स्वास्थ्य सेवाओं पर खासा असर पड़ा। शनिवार को भी कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इसमें लैब टेक्नीशियन और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी शामिल हुए।
एनएचएम से जुड़े डॉक्टर, सीएचओ, एएनएम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन और अन्य कर्मचारियों की हड़ताल आठ अक्तूबर से चल रही है। कामकाज छोड़कर सभी कर्मचारी सीएमओ कार्यालय के बाहर धरने में शामिल हो रहे हैं। इसके चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हो रहे अधिकांश आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर ताले लटक गए। मंदिरों पर लटके देख मरीज जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में पहुंचे और इलाज कराया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष किशोर सैनी ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
जिला संयोजक शुभम माणिक ने कहा कि 12 अक्तूबर को प्रदेश के सभी जिलों से एनएचएम कर्मचारी लखनऊ के ईको गार्डन में कूच करेंगे। इसके अलावा आशा कार्यकर्ता और आशा संगिनी का भी शनिवार को सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना जारी रहा। इस मौके पर विकास राणा, अभिषेक वर्मा, हिमांशु आर्य, मानसी शर्मा, सचिन कुमार, विपिन, शालिनी, लता, ललतेश, मिथलेश, नेहा, भावना, पूनम आदि रहीं।