विकास प्राधिकरण के सभागार में मिनी बाईपास पर प्रस्तावित टाउनशिप के सम्बन्ध में किसानों के साथ
सहारनपुर। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने नई टाउनशिप के लिए भूमि खरीद के संबंध में किसानों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि भूमि अर्जन में किसानों को सर्किट रेट का चार गुणा एवं एकमुश्त मुआवजा दिया जाएगा।
विकास प्राधिकरण ने दिल्ली रोड पर प्रस्तावित नई टाउनशिप के लिए भूमि अधिग्रहण के संबंध में किसानों की शंकाओं का निस्तारण करने की कवायद तेज कर दी है। इसे लेकर किसानों के साथ वार्ताओं का दौर लगातार चल रहा है। शनिवार को भी विकास प्राधिकरण के सभागार में ग्राम चुन्हैटी गाड़ा के किसानों के साथ बैठक हुई। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने किसानों के संशय को दूर किया। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि परियोजना हेतु भूमि के सर्किल रेट का चार गुणा मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही धनराशि का एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। वार्ता में तय हुआ कि जो किसान उपस्थित नहीं हुए उनके साथ दस मार्च को बैठक की जाएगी। इस दौरान इसरार, दिलशाद, नौशाद, अफजाल, जावेद, संजय कुमार, रईस आदि किसान मौजूद रहे।
- भूमि खरीद के लिए जारी हो चुके 75 करोड़ रुपये
सहारनपुर विकास प्राधिकरण मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत मिनी बाईपास पर नई टाउनशिप विकसित करने की कवायद में जुटा है। इसके लिए गांव चुन्हैटी गाड़ा, सैदपुरा और बहलोलपुर की 52.20 हेक्टेयर भूमि को चिह्नित किया है। शासन से भूमि खरीद के लिए 75 करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी हो चुकी है। कई किसानों के आपत्ति जताने के बाद से इस परियोजना को लेकर संशय बना हुआ है। विकास प्राधिकरण के अधिकारी किसानों का संशय दूर करने के लिए लगातार वार्ता कर रहे हैं।