सहारनपुर। मानकमऊ में नया रोडवेज बस स्टैंड शुरू हो गया है। बस स्टैंड से तीन राज्यों के लिए बसों का संचालन होगा। शहर में जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी। लोग बसों के नहीं भटकेंगे।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने रोडवेज बस स्टैंड का उद्घाटन करते हुए हरी झंडी दिखाकर निगम बसों का संचालन शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नए रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए आवश्यक मूलभूत बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले समय में यात्रियों के लिए वहां पर सुविधाओें में और बढ़ोतरी होगी। बस स्टैंड सहारनपुर-नकुड़-गंगोह, सहारनपुर-गंगोह-शामली, सहारनपुर-गंगोह-ननौता-देवबन्द मार्ग एवं चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल राज्यों की ओर जाने वाली बसों को संचालन कराया जाना प्रस्तावित है। इसके पास 50 मीटर की दूरी पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग बस स्टेशन स्थापित है। इसका इलेक्ट्रिक नगरीय बस सेवा से आवागमन करने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। दोनों बस स्टेशन पास-पास होने के कारण आमजन अपने गंतव्यों को जाने के लिए रोडवेज व नगरीय बस सेवा का सुगमता से उपयोग कर लाभ उठा सकेगें।