सहारनपुर। जिले में इस बार अभी तक कोरोना के 17 मामले सामने आ चुके हैं। बढ़ते संक्रमण पर नियंत्रण के लिए शासन स्तर से रात का कर्फ्यू लगा दिया गया है। जिला अधिकारी भी सप्ताह भर पहले बैठक कर कोविड से बचाव के लिए दिशा निर्देशों का पालन कराने के निर्देश दे चुके हैं। बढ़ते कोरोना संक्रमण तथा शासन और प्रशासन के निर्देशों का जनता पर क्या असर है। इसकी पड़ताल के लिए अमर उजाला ने शनिवार को शहर का हाल जाना। एक ओर जहां बाजारों में ग्राहकों के साथ ही दुकानदार भी बिना मास्क और बिना सोशल डिस्टेंसिंग के नजर आए। वहीं चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मी भी बिना मास्क लगाए दिखे। इसके अलावा चौराहों पर किसी प्रकार की सख्ती मास्क को लेकर नजर नहीं आई। पेश है रिपोर्ट...
दोपहर 12:00 बजे
वेंडर और यात्री बिना मास्क मिले
अंबाला रोड स्थित परिवहन निगम के बस अड्डे पर रेहड़ी लगाने वाले वेंडर और उनके साथ खड़े ग्राहक बिना मास्क नजर आए। इसके अलावा बसों में सवार और टेंपो में चढ़ने के लिए सड़कों पर खड़े होकर इंतजार करते यात्रियों में से भी 80 फीसदी के मुंह पर मास्क नहीं था।
दोपहर 12:15 बजे
बिना मास्क वालों की चेकिंग नहीं
घंटाघर चौक शहर का सबसे बड़ा प्वाइंट है, जहां से प्रतिदिन भारी संख्या में यात्री और सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। यहां 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, जो शनिवार को भी तैनात दिखे, लेकिन यहां से बिना मास्क के निकलने वाले 90 फीसदी से अधिक राहगीरों में से किसी को टोका तक नहीं जा रहा है, जबकि शासन के निर्देश हैं कि पुलिस कर्मी चेकिंग अभियान चला कर बिना मास्क वालों पर जुुर्माना करें।
दोपहर 12:20 बजे
दुकानदार भी बने लापरवाह
घंटाघर से नेहरू मार्केट को जाने वाले मार्ग के दुकानदार बिना मास्क के दुकानों पर सामान बेचते नजर आए। खास बात यह है कि इनमें कई ऐसे दुकानदार भी थे, जो 60 की उम्र पार कर चुके हैं और जिनको अधिक खतरा है कोरोना होने का।
दोपहर 12:25 बजे
प्रताप मार्केट में जाम नजर आया। जाम में शामिल राहगीरों खासकर वाहन चालकों में से 95 फीसदी से अधिक लोगों के चेहरे पर मास्क नहीं था। यहां सोशल डिस्टेंसिंग भी नहीं दिखी। इसके अलावा गर्म कपड़ा बेचने वाले वेंडर भी लापरवाह दिखे।
दोपहर 12:25 बजे
पुलिसकर्मी भी नहीं लगा रहे मास्क
श्रीराम चौक पर पुलिसकर्मी तैनात मिले। हैरत की बात यह रही कि जिन लोगों पर नागरिकों से दिशा निर्देशों का पालन कराने की जिम्मेदारी है। वह पुलिसकर्मी खुद बिना मास्क के ड्यूटी पर तैनात नजर आए।
दोपहर 12:27 बजे
बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग नहीं
नेहरू मार्केट शहर का अति व्यस्त रहने वाला बाजार है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं। लेकिन यहां भी सोशल डिस्टेंसिंग पूरी फेल नजर आई। खरीदारी के लिए आए लोग बेपरवाह घूमते दिखे।
यह लापरवाही ठीक नहीं : सीएमओ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील लगातार जनता से की जा रही है। जिलाधिकारी भी बैठक कर कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दे चुके हैं। लोगों को अपने साथ ही अपनों की जान की खातिर पालन करना ही होगा। अन्यथा यह लापरवाही भारी भी पड़ सकती है।
बिना मास्क के खरीदारी करते लोग- फोटो : SAHARANPUR
श्रीराम चौक पर बिना मास्क के बैठे पुलिस कर्मी मास्क लगा कर जाते लोग- फोटो : SAHARANPUR
नेहरू मार्केट में बिना मास्क के बैठे दुकानदार- फोटो : SAHARANPUR