सहारनपुर। 10 मई को सहारनपुर जिले के सभी तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। प्रचार वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज प्रबोध कुमार वर्मा ने बताया कि प्रचार वाहन जिले के सभी गांवों, तहसीलों में जाकर लोक अदालत के विषय में जानकारी देगा।
जिला जज तरुण सक्सेना ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम के वाद, वैवाहिक वाद, लघु शमनीय वाद, भारतीय उत्तराधिकारी अधिनियम के वादों का आपसी सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एनआईएक्ट के वाद, दीवानी वाद, विद्युत अधिनियम के वाद एमवीएक्ट, ट्रैफिक ई चालान, भू राजस्व के वादों को भी निस्तारित किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आपसी विवादों को सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित करना है। आठ मार्च को आयोजित लोक अदालत में 443624 वाद निस्तारित हुए थे।