संवाद न्यूज एजेंसी
साढ़ौली कदीम। सीएमओ द्वारा पीएचसी पर चिकित्सक की तैनाती के आदेश के 20 दिन बाद भी यहां नियुक्त हुए चिकित्सक ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इसके चलते ग्रामीणों को फार्मासिस्ट से ही उपचार को मजबूर होना पड़ रहा है।
बता दें, कि गत 17 अप्रैल को मुख्य चिकित्साधिकारी सहारनपुर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरौड़ा के चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवेश कुमार भाटिया को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंबोहमजरा पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए आदेशित किया था। 20 दिन बीतने के बाद भी उक्त चिकित्सक ने पीएचसी में कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इससे पहले भी दो मार्च को देवबंद से डॉ. अजय कुमार त्यागी को सीएचसी साढ़ौली कदीम का कार्यभार ग्रहण करने के आदेश जारी किए गए थे। वह भी कार्यभार ग्रहण करने आज तक सीएचसी नहीं पहुंच सके हैं। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्र के रोगियों को सही उपचार नहीं मिल पा रहा है। पीएचसी पर जहां फार्मासिस्ट तथा सीएचसी साढ़ौली कदीम होम्योपैथिक चिकित्सक के भरोसे ही चल रही है। होम्योपैथिक चिकित्सक ही एलोपैथिक दवाएं लिख मरीजों का इलाज कर रहा है।
ग्रामीण विनोद कुमार, अमित कुमार, रिषीपाल सिंह, नरेंद्र सिंह, नितिन कुमार, सागर सिंह, दिलशाद, माजिद आदि ने जल्द से जल्द दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की तैनाती करने की मांग की है। उधर, सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार का कहना है कि उक्त चिकित्सक आदेश के बाद से बीमारी के चलते चिकित्सीय अवकाश पर चल रहे हैं। स्वस्थ होते ही जल्द कार्यभार ग्रहण करना होगा।