सरसावा (सहारनपुर)। पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में मात्र एक प्रस्ताव जिसमें शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार असंसदीय, असंवैधानिक एवं विशेष जाति सूचक मोहल्लों के नाम बदलने पर विचार विमर्श करते छह मोहल्लों के नाम बदलने का प्रस्ताव बहुमत से पारित हुआ। इस प्रस्ताव को लेकर मात्र चार सभासदों ने विरोध किया। प्रस्ताव को लेकर सदन में सभासदों के बीच जमकर हंगामा तू तू मैं मैं भी हुई।
शुक्रवार 11 बजे पालिका के सभागार में पालिकाध्यक्ष बिजेन्द्र मोगा की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड की बैठक में शासन द्वारा जारी आदेश को सदन में सामने रखते नगर के छह मोहल्लों जिसमें मोहल्ला हरिजनान का नाम बदलकर आंबेडकर नगर, मोहल्ला कस्साबान का नाम गोविंद नगर, मोहल्ला काजियान का नाम प्रगति विहार, मोहल्ला अफगानान का नाम महादेव नगर, मोहल्ला बंजारान का नाम उत्तम नगर व मोहल्ला चौधरियान का नाम बदलकर केशव नगर रखने का प्रस्ताव में अधिकांश सभासदों की सहमति से पारित हुआ, जबकि सभासद निधिकांत, राव इमरान, अय्यूब अंसारी, बुसराबेगम, जुमरत ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि मोहल्ले का नाम बदलने से पूर्व में बने पहचान पत्र आदि को लेकर परेशानी होगी। अच्छा होता नाम बदलने के बजाय मोहल्ले के विकास को लेकर चर्चा होती। बैठक में मनोनीत सभासदों समेत 28 सभासदों में से 24 सभासद सदन में मौजूद रहे।
अधिशासी अधिकारी भूपराम वर्मा, सभासद विजय दावड़ा, आलोक लुहानी,चरण सिंह, सोनू सैनी, कुलदीप कांबोज, शिखा पुहाल, प्रमोद कश्यप, निधिकान्त शर्मा, संजय वधवा, रमेश सुखीजा, संजय शर्मा, मुनेश धीमान, बबीता चौहान, राकेश साहनी, अनुज कांबोज, दीपक गुप्ता, दिनेश कल्याण आदि रहे।