आरोपी के खिलाफ देहात कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नाम बदलकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया तथा शादी कर ली। आरोपी अब निकाह करने का दबाव बना रहा है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मामला सामने आने पर हंगामा किया। वहीं, देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महानगर निवासी युवती ने बताया कि चार माह पूर्व पंजाबी बाग निवासी सुहैल नामक युवक से उसकी दोस्ती हुई। उसने अपना नाम सौरभ बताया था। युवक ने उसके समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा। युवती भी तैयार हो गई। आरोपी ने एक मकान ले जाकर उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी कर ली। इसके बाद बेहट अड्डे के समीप अपने रिश्तेदार के मकान में ले गया। उसे चार-पांच दिन रखा गया। युवक ने शनिवार शाम उसे बताया कि वह सौरभ नहीं सुहैल है। अब उससे निकाह करना पड़ेगा। युवती ने इससे इनकार कर दिया।
युवती ने मामले की जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दी। इस पर बजरंग दल के कार्यकर्ता कपिल मोहड़ा, दिव्यांश, प्रशांत व ललित ने आरोप लगाया कि युवती को साजिशन फंसाया है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि युवती से दुष्कर्म भी किया है। इसके बाद देहात कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।