सहारनपुर। जिला पंचायत सदस्य रहे नक्षत्रपाल ने भाजपा से बगावत का एलान कर दिया है। तीन वार्डों पर दावेदारी करने के बावजूद भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाया। अब वह वार्ड 23 पर निर्दलीय चुनाव लड़ने की ताल ठोंक चुके हैं। अब देखना यह है कि नक्षत्र के बगावती तेवरों का इस वार्ड के चुनाव पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
दरअसल, नक्षत्रपाल वर्ष 2015 में भी वार्ड 23 से जिला पंचायत सदस्य रहे। इसके अलावा पहले भी दो बार वह जिला पंचायत सदस्य चुने जा चुके हैं। इस बार उन्होंने वार्ड संख्या 22, 23 और 24 से दावेदारी पेश की थी। एक दिन पहले ही भाजपा ने प्रत्याशियों की सूची जारी की, जिसमें वार्ड 23 पर भाजपा ने दीक्षा चौधरी पत्नी विकास चौधरी को प्रत्याशी बनाया है। नक्षत्रपाल को उनकी दावेदारी में से किसी भी वार्ड पर प्रत्याशी नहीं बनाया गया।
वहीं, भाजपा नेताओं की मानें तो नक्षत्रपाल पूर्व में भी पार्टी नीतियों के खिलाफ कार्य कर रहे थे, जिस कारण इनको प्रत्याशी नहीं बनाया गया। उधर, नक्षत्रपाल का कहना है कि भाजपा ने बेशक प्रत्याशी नहीं बनाया, लेकिन वह वार्ड 23 से चुनाव जरूर लड़ेंगे, क्योंकि जनता उनके साथ है।