सहारनपुर। नगर निगम शहर के 12 वार्ड को कूड़ा व सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त कराते हुए उन्हें आदर्श वार्ड बनेगा। इसके लिए नगरायुक्त ने सभी खाद्य एवं सफाई निरीक्षकों को क्षेत्र में एक-एक वार्ड चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।
चिह्नित वार्ड में डोर टू डोर सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्रित कराने और यदि कोई नहीं देता तथा इधर उधर फैलाता है तो उस पर भारी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए । नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि महानगर को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए निगम के स्वास्थ्य विभाग को अपनी पूरी ऊर्जा के साथ काम करना होगा। प्रथम चरण में शहर के 12 वार्ड को चिह्नित कर उन्हें आदर्श वार्ड बनाया जाएगा। इन 12 वार्ड में डोर टू डोर सिंगल यूज प्लास्टिक व कूड़ा एकत्र किया जाएगा। यदि कोई कूड़ा देने में आनाकानी कर कूड़ा इधर उधर फैलाता है तो उस पर जुर्माना लगेगा। कहा लोगों को इस बात के लिए भी प्रेरित करें कि वह गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग कर सफाई कर्मचारियों को दें। साथ ही उन्होंने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भी लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
नगरायुक्त ने प्रत्येक सफाई निरीक्षक को क्षेत्र में एक-एक एमआरएफ सेंटर बनाने का भी निर्देश दिए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके त्रिपाठी ने सफाई निरीक्षकों को सजग करते हुए कहा कि अगले कुछ महीनों में स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान भी शुरू होने वाला है, यदि हम महानगर को कूड़ा मुक्त करने के अभियान पर गंभीरता से काम शुरू कर देंगे तो उसकी तैयारी भी होगी। इसमें गैराज प्रभारी श्याम बिहारी अग्रहरि, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर, अर्श, तबरेज, मदन भारती आदि रहे।