रपटे की मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी (सहारनपुर)। मिर्जापुर-सुंदरपुर हाईवे पर स्थित गांव समसपुर नौगांवा में रपटे पर पानी भरने से ग्रामीणों में लोनिवि अधिकारियों के प्रति रोष बना हुआ है। ग्रामीणों ने हाईवे पर खड़े होकर प्रदर्शन किया और लोनिवि के खिलाफ नारेबाजी की। बता दें कि विगत वर्ष मिर्जापुर-सुंदरपुर हाईवे का मरम्मत कार्य हुआ था। इस कार्य में इस सड़क पर पड़ने वाले सभी रपटों का मरम्मत कार्य हुआ था। हाईवे पर ग्रामीणों ने मानकों के अनुरूप सामग्री न लगाएं जाने को लेकर निर्माण कार्य भी रूकवा दिया था, परंतु ठेकेदार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से ग्रामीणों की बातचीत करवाकर और अच्छी गुणवता की सामग्री प्रयुक्त करने का वायदा करके कार्य पूर्ण कर दिया था। ग्रामीणों द्वारा उसी समय ठेकेदार को रपटे में सही ढाल रखने की बात कही गयी थी, जिसको अनसुना कर दिया गया था। विगत वर्ष ही इस रपटे पर बरसाती पानी भरना शुरू हो गया था। तब भी इसकी शिकायत ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों द्वारा लोनिवि के अधिकारियों को की गई थी, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों की मानें तो यदि अधिक बारिश हुई तो यह हाईवे बंद भी हो सकता है। ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सड़क पर पहुंचकर लोनिवि के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द ही रपटे की मरम्मत की मांग करते हुए ठेकेदार और जेई के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में नफीस तैली, बुरहान अली, यूनुस, अरशद, यूसुफ, भूरा, हमीद, वाजिद, फरमान मलिक, फैजान, खुर्शीद मलिक आदि रहे।