सहारनपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर निगम में हुई बैठक में नगर आयुक्त शिपू गिरि यात्रा को लेकर नगर निगम की ओर से की जाने वाली तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर चर्चा की।
उन्होंने कांवड यात्रा को पूरी तरह प्लास्टिक/पॉलिथीनमुक्त रखने तथा कांवड मार्ग पर स्वच्छता के लिए कूड़ा नियंत्रण पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा के लिए कैमरों द्वारा की जाने वाली निगरानी, सफाई, एंटी लार्वा व चूना आदि का छिड़काव, पेयजल आपूर्ति, कांवड़ियों के स्नान के लिए जलापूर्ति, मोबाइल टॉयलेट, प्रकाश व्यवस्था आदि सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अविलंब कार्ययोजना तैयार कर उसे क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के जीएम दिनेश सिंघल ने नगर आयुक्त को बताया कि कैलाशपुर से पीएंडटी सेंटर अंबाला रोड तक 90 कैमरे रहेंगे। पांच स्थानों से बढ़ाकर दस स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था रहेगी। नगर आयुक्त ने कांवड़ मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के निर्देश प्रवर्तन दल को दिए। ऑनलाइन बैठक में अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय, सहायक नगरायुक्त जेपी यादव, बिकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा आदि रहे।