इस बार भी सहारनपुर को नंबर एक पर लाने का लक्ष्य रखा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के लिए नगर निगम ने अभी से तैयारी शुरू कर दी। नगरायुक्त ने शुक्रवार को आईटीसी और एनजीओ के साथ बैठक कर सर्वेक्षण के लिए निर्देश दिए। इस बार भी सहारनपुर को नंबर एक पर लाने का लक्ष्य रखा।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा वर्ष 2019 में सहारनपुर ने अपनी रैंकिंग में बड़ा सुधार कर 265वें स्थान से 92वां स्थान हासिल किया 2020 में हमने 92वें स्थान से ऊपर चढ़ते हुए 49वां स्थान हासिल किया, जो बहुत अहम है। मगर पहले नंबर पर आने के लिए सहारनपुर को अभी बहुत कुछ करना बाकी है। इसके लिए नगर निगम के साथ ही आम जन को भी भागीदार बनना होगा। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को शत प्रतिशत करने, एमआरएफ सेंटरों के पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। सीवरेज सिस्टम को भी दुरुस्त बनाने पर बल दिया। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा स्वच्छता की दिशा में लापरवाह बर्दाश्त नहीं है। इसमें नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके त्रिपाठी, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर, आईटीसी मुस्कान ज्योति के मयंक पांडेय, शादाब खान, मदन भारती आदि रहे।