नगर निगम की बोर्ड बैठक आज, हंगामे के आसार
सहारनपुर। कर, किराये की वसूली में लक्ष्य से एक तिहाई दूर रहने पर नगर निगम की सोमवार को हुई बोर्ड की रिहर्सल बैठक में खूब हंगामा हुआ। पार्षदों ने खर्च पर सवाल उठाए। ऐसे में मंगलवार 14 जनवरी को होने वाली बोर्ड बैठक भी हंगामेदार रहने की संभावना है।
सोमवार को रिहर्सल बैठक के बाद पार्षद मंसूर बदर ने बताया कि निगम को वित्तीय वर्ष 2019-20 में गृह कर और संपत्ति कर के रूप में 13 करोड़ रुपये की प्राप्ति का लक्ष्य मिला था। लेकिन निगम अब तक करीब चार करोड़ 62 लाख रुपये ही वसूल पाया है। जलकर के रूप में भी करीब 13 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य था लेकिन करीब चार करोड़ पांच लाख रुपये की वसूली हो पाई है। इसी तरह दुकानों से किराए के रूप में करीब 60 लाख रुपये की आय होनी थी लेकिन अधिकारी मात्र 14 लाख 80 हजार रुपये ही वसूल पाए हैं। विज्ञापन ठेका से भी 70 लाख रुपये की वसूली होनी थी लेकिन महज 20 लाख हुई है। इसी तरह पार्किंग ठेका में 70 लाख रुपये के सापेक्ष 39 लाख रुपये ही प्राप्त हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वसूली के लिए लगे अधिकारी और कर्मचारियों की टीम क्या कर रही है। उन्होंने पथ प्रकाश पर खर्च हुए 88 लाख रुपये, पथ प्रकाश दायित्व पर 27 लाख रुपये, पार्क माली अभिष्ठान पर खर्च 90 लाख रुपये, यातायात सुरक्षा पर दो लाख रुपये, यातायात विविध पर 16 लाख रुपये, पुस्तकालय दायित्व में चार्ज 60 लाख रुपये, मेला और प्रदर्शनी पर खर्च आठ लाख 87 हजार रुपये आदि पर सवाल उठाते हुए जवाब मांगा। जिस प्रकार से रिहर्सल बैठक में तमाम बिंदुओं पर हंगामा बरपा है, उससे मंगलवार को होने वाली बोर्ड बैठक में भी हंगामा होने के आसार बढ़ गए हैं।